देहरादून की नेहा जोशी मलेशिया में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व
भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी हैं नेहा
देहरादून | कोनराड एडेनॉयर स्कूल ऑफ यंग पॉलिटिशियन के तत्वाधान में व्याख्यान के लिए यंग पॉलिटिशियंस प्रोग्राम हेतु बीजेपी युवा नेता एवं भाजयुमो की राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी नेहा जोशी सात दिवसीय प्रवास पर मलेशिया रवाना हुई हैं और वहां स्थानीय स्तर पर व्याख्यान देंगी। व्याख्यान का मुद्दा स्व सरकार और विकास पर आधारित होगा। फिलीपींस में इस साल की शुरुआत में आयोजित इसी तरह की कार्यशाला में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद, नेहा को आज से 11 अगस्त तक मलेशिया के पेनांग में आयोजित प्रशिक्षण और कार्यशाला का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया गया है। 4 दिवसीय कार्यशाला के दौरान नेहा एक नियामक मॉडल के रूप में भारत के पंचायती राज व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करेंगी। वह बताऐंगी कि कैसे यह प्रणाली भारत में न केवल स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करती है, बल्कि कमजोर वर्गों, दलितों, आदिवासियों, ओबीसी और महिलाओं को शासन का नेतृत्व करने और विधायी प्रक्रिया का हिस्सा बनने का अवसर देती है। इस कार्यशाला के दौरान पूरे एशिया के युवा राजनेता अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारत से इस कार्यशाला के लिए मात्र दो युवा नेताओं का चयन हुआ है। नेहा ने राजनीति में अपने करियर की शुरुआत उत्तराखंड से की। उनकी वक्तृत्व कला और नेतृत्व क्षमता के कारण, उन्हें राष्ट्रीय भाजपा का प्रवक्ता भी बनाया गया, जो विभिन्न हिन्दी एवं अंग्रेजी टीवी चैनलों पर पार्टी का प्रतिनिधित्व करती हैं। उत्तराखंड की महिला के लिए कम उम्र में इसे हासिल करना बड़ी एक उपलब्धि है। नेहा इस सफलता का श्रेय अपने आप को उत्तराखंडी होने, अपने माता-पिता द्वारा प्रदान किए गए मूल्यों और भाजपा की संगठनात्मक संरचना को देती है जो प्रतिभा को बढ़ावा देती है। हाल ही में नेहा को उत्तराखंड और अन्य राज्यों में भाजपा के सदस्यता अभियान में सक्रिय रूप से देखा गया है। वह मसूरी से भाजपा विधायक गणेश जोशी की पुत्री हैं।