भारतीय रेल के 35 खिलाड़ी रियो ओलंपिक में होंगे शामिल
अपनी समृद्ध खेल विरासत के साथ भारतीय रेल के खिलाड़ी एक बार फिर देश के लिए अधिक प्रतिष्ठा हासिल करने के लिए तैयार हैं। 5 से 21 अगस्त, 2016 तक ब्राजील के रियो में होने वाले 31वें ओलंपिक खेलों में भारतीय रेल के 35 खिलाड़ी भाग लेंगे। पूरे भारतीय ओलंपिक दल में एक तिहाई खिलाड़ी रेलवे के हैं और इस तरह भारतीय रेल विभिन्न खेल संगठनों में सबसे अधिक योगदान करने वाला संगठन हो गया है। लगभग संपूर्ण भारतीय महिला हॉकी टीम और भारोतोलन टीम रेलवे के खिलाडि़यों से भरी है। रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु , रेल और संचार (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री मनोज सिन्हा , रेल राज्य मंत्री राजन गोहेन, रेल खेल संबर्द्धन बोर्ड के अध्यक्ष एवं रेल बोर्ड के मेम्बर स्टाफ प्रदीप कुमार ने रियो ओलंपिक 2016 में भाग लेने वाले रेलवे सहित सभी भारतीय स्पर्धियों को शुभकामना दी हैं। लंदन ओलंपिक 2012 में कुल 81 भारतीय एथलिटों में रेलवे के 12 एथलिटों के शामिल होने से लेकर रियो ओलंपिक में 35 से अधिक रेलवे के खिलाडि़यों का शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि रेलवे भारत में खेल संवर्द्धन का गंभीर प्रयास करता है। इस वर्ष की अनेक राष्ट्रीय स्पर्धाओं में रेलवे के खिलाड़ी चैम्पियन हुए। रेलवे के खिलाडि़यों ने हाल में गुवाहाटी में आयोजित दक्षिणी एशियाई खेलों में अपना शानदार प्रदर्शन दिखाया। दक्षिण एशियाई खेलों में रेलवे के 81 स्पर्धियों में से 76 पदक विजेता रहे।