मैड संस्था ने चलाया सफाई अभियान, जानिए ख़बर
देहरादून, आजखबर। देहरादून के शिक्षित छात्रों के संगठन मेकिंग डिफरेंस बाई बीइंग द डिफरेंस (मैड) ने रविवार सुबह नैशविला रोड में सफाई अभियान चलाया। संगठन के सदस्य सुबह 7.30 बजे अपने सामान के साथ नैशविला के कूड़ेदान पहुंचे, जहाँ उन्होंने प्लास्टिक, पॉलीथीन एवं घरों का कूड़ा कूड़ेदान से ज्यादा रोड में पाया। कूड़े के निस्तारण के साथ साथ जैविक व अजैविक कूड़े को अलग अलग करना भी एक चुनौती बन गया है जिसमें अब शहरवासी भी जागरूक होकर अपना योगदान दे रहे हैं। इसी उद्देश्य से संस्था के 25-30 सदस्य दस्ताने और मास्क पहन कर कूड़ा साफ करने में जुट गए। कूड़े में मुख्य रूप से प्लास्टिक की पॉलिथीन और फ्रूटी के पैकेट, और घरेलू कूड़ा था जो कूड़ेदान के साथ साथ रोड में भी बिखरा पड़ा था। आश्रित, जो काफी समय से मैड के साथ जुड़े हैं, कहते है कि यह देख के दुख होता है कि देहरादून जो अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए विख्यात था, आज एक कूड़े के ढेर में तब्दील हो गया है। उन्होंने कूड़ा निस्तारण के लिए जन सहयोग एवं जागरूकता को एक महत्वपूर्ण कार्य बताया। एक और सदस्य जाह्नवी ने कहा कि शहर ऐसी हालत के लिए नगर निगम के साथ साथ ये शहरवासी भी जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना शहर को साफ करना बहुत मुश्किल होगा। शहरवासियों को भी इस सफाई अभियान में अपना योगदान देना होगा। यह अभियान 9.30 बजे तक चला और आस पास के लोगो ने मैड के इस प्रयास को सराहा। मैड विगत 7 वर्षों से हर रविवार शहर के सुधार और विकास के लिए शहरवासियों के साथ कुछ न कुछ कार्यक्रम करता आया है। आज के कार्यक्रम में आदर्श त्रिपाठी, सुभावि गुप्ता, खुशाली गुप्ता, अनूप सिंह आदि सदस्य उपस्थित रहे।