मोदी वाराणसी से और अमित शाह गांधीनगर से लड़ेंगे चुनाव, जानिए खबर
नई दिल्ली | बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति के सचिव जगत प्रकाश नड्डा ने ऐलान किया है की बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए 184 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पीएम मोदी, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी अपनी पिछली सीटों से ही लड़ेंगे। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह गांधीनगर से चुनाव लड़ेंगे, जहां से अभी लाल कृष्ण आडवाणी सांसद हैं। नड्डा ने बताया कि बिहार से बीजेपी के सभी 17 उम्मीदवारों के नाम तय हो चुके हैं, लेकिन उनका ऐलान नहीं किया। बीजेपी की पहली लिस्ट में कुल 20 राज्यों को कवर किया गया है। केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी अमेठी से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को चुनौती देंगी। वह पिछली बार भी यहां से लड़ी थीं, लेकिन हार गई थीं। गाजियाबाद और नोएडा से मौजूदा सांसद क्रमश: जनरल वी. के. सिंह और डॉक्टर महेश शर्मा चुनाव लड़ेंगे। अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री रहीं हेमा मालिनी इस बार भी मथुरा से चुनाव लड़ेंगी। मुजफ्फरनगर से संजीव बाल्यान बीजेपी उम्मीदवार होंगे, जिनके सामने महागठबंधन से आरएलडी चीफ अजित सिंह मैदान में हैं।