राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का निधन
लेजंड फिल्ममेकर और दिवंगत ऐक्टर राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का आज सुबह 1 अक्टूबर को निधन हो गया। वह 87 वर्ष की थीं। पोती रिद्धिमा कपूर ने इस खबर को कन्फर्म करते हुए अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह अपनी दादी के साथ नजर आ रहीं। ऑनलाइन रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज सुबह 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। कृष्णा राज कपूर ने 1946 में राज कपूर से शादी रचाई थी और उनके पांच बच्चे रणधीर कपूर, ऋषि कपूर, राजीव कपूर, रितु नंदा और रिमी जैन हैं। इस दुखद खबर की जानकारी मिलते ही लोग कपूर फैमिली के घर शोक व्यक्त करने पहुंचने लगे हैं और ट्विटर पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।