‘राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव- 2016’ का हुआ शुभारंभ
संस्कृति मंत्रालय ने भारत की विरासत को बढ़ावा देने के प्रयासों को जारी रखते हुए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए), जनपथ, नई दिल्ली में 10 दिवसीय विविध सांस्कतिक उत्सव ‘राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव-2016’ का आयोजन किया। इस समारोह का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेश शर्मा, नगालैंड के राज्यपाल श्री पद्मनाभा आचार्य भी मौजूद रहे। साथ ही संस्कृति मंत्रालय में सचिव एन. के. सिन्हा और संस्कृति मंत्रालय में ही संयुक्त सचिव श्री एम. एल. श्रीवास्तव सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। शुभारंभ के मौके पर लगभग 400 कलाकारों ने लोक और जनजातीय सहित विभिन्न नृत्यकलाओं का प्रदर्शन किया। आज से शुरू हुआ यह उत्सव 24 अक्टूबर, 2016 तक लोगों को भारत की संपन्न संस्कृति से जोड़े रखेगा। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे देश में विविधता में ही एकता है और यही संस्कृति हम सभी को आपस में जोड़े रखती है। उन्होंने इस तरह के विशेष कार्यक्रम के आयोजन के लिए संस्कृति मंत्रालय के प्रयासों की सराहना की, जिससे विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को अपनी प्रतिभा, कलाकृतियों और व्यंजनों को एक ही मंच पर प्रदर्शित करने का मौका मिलता है। संस्कृति मंत्रालय हमारी संपन्न सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने और देश को एकजुट बनाने में अहम भूमिका निभाता है।