सम्पत्ति बढ़ने पर अरुण जेटली अव्वल, सुषमा स्वराज की संपत्ति हुई दोगुनी
नई दिल्ली | नरेंद्र मोदी, अरुण जेटली और सुषमा स्वराज ने साल 2016-17 के लिए अपनी संपत्ति की घोषणा कर दी है। वेवसाइट pmindia.gov.in के अनुसार 2013-14 में मोदी ने अपनी संपत्ति 1.13 करोड़ रुपए बताई थी, जो तीन साल में बढ़कर 2 करोड़ से ज्यादा हो गई है। 2014 से अब तक पीएम की संपत्ति में 60 फीसदी का इजाफा हुआ है। जेटली और उनकी वाइफ की कुल संपत्ति 100 करोड़ रुपए से ज्यादा है। इस हिसाब से जेटली की संपत्ति मोदी से 50 गुना ज्यादा है। उधर, सुषमा स्वराज की संपत्ति भी 2013-14 से अब तक दोगुनी हो गई है। अभी तक पीएम मोदी सहित सरकार के 14 मंत्रियों ने अपनी संपत्ति का एलान कर दिया है। इनमें डीवी सदानंद गौड़ा, रामविलास पासवान, जेपी नड्डा, अशोक गजपति राजू, प्रकाश जावड़ेकर, मुख्तार अब्बास नकवी और अनुप्रिया पटेल शामिल हैं। हालांकि, अभी गृह मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई मंत्रियों ने अपनी संपत्ति का एलान नहीं किया है। पीएम की मौजूदा चल संपत्ति एक करोड़ रुपए से कुछ ज्यादा है, जो 2015-16 में 73 लाख, 2014-15 में 26 लाख और 2013-14 में 13 लाख रुपए थी। साल 2013-14 से अब तक पीएम की चल संपत्ति में करीब 87 लाख रुपए का इजाफा है।