टैक्स कमिश्नर के घर से छापे में मिलीं करोड़ों की 7000 साडिय़ां
बेंगलुरु। ऐंटी-करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों ने जब कमर्शियल टैक्स के डिप्टी कमिश्नर के कर्नाटक में हुबली स्थित घर छापा मारा तो उन्हें अपनी आंखों पर ही विश्वास नहीं हुआ। अलमारी खोलने पर उनके सामने साडिय़ों का अंबार था। इतनी साडिय़ां कि अधिकारियों को उनकी गिनती करने में ही 6 घंटे लग गए। छापे में अधिकारियों ने बताया कि उन्हें कुल 7000 साडिय़ां मिलीं जो हर डिजाइन और हर तरह के कपड़े की थीं। साफ तौर पर इन साडिय़ों की कीमत करोड़ों में थी। सूत्रों ने बताया कि पूरा कमरा साडिय़ों से भरा हुआ था। ये साडिय़ां कमर्शल टैक्स के डेप्युटी कमिश्नर करियप्पा एन. की पत्नी की थीं। जब अधिकारियों ने कमिश्नर की पत्नी से साडिय़ों के बारे में पूछताछ की तो पहले उसने साड़ी के बिजनस होने का बहाना बनाया लेकिन सबूत न दिखा पाने पर उसका दावा खोखला निकला। ऐंटी-करप्शन ब्यूरो के एक अधिकारियों ने बताया, घर में मौजूद सभी साडिय़ों को गिनने में करीब 6 घंटे लग गए। कमर्शल टैक्स के अधिकारियों की पत्नी के पास से इतनी महंगी साडिय़ों के मिलने पर विश्वास करना आसान नहीं था। संभव है कि अधिकारियों ने साड़ी की दुकानों पर रेड की हो और साडिय़ों को घर ले आया हो। करोड़ों की कीमत वाली साडिय़ों के अलावा जांच अधिकारियों को कागजात भी मिले हैं। टैक्स अधिकारियों और उसकी पत्नी के नाम पर 3 घर, बेंगलुरु में 1 फ्लैट, खेत और प्लॉट्स हैं। इसके अलावा जूलरी, महंगे जूते, घडिय़ां और बाकी कीमती सामान भी मिला है। दंपती के दोनों बच्चे विदेश में रह कर पढ़ाई कर रहे हैं।