दिव्यांगों के लिए बनेगा केंद्रीय विविः प्रकाश जावड़ेकर
लखनऊ। देश में दिव्यांगों की शिक्षा के लिए एक विशेष केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। यह विचार केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने व्यक्त किया। डाक्टर शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित कर रहे थे। दीक्षांत समारोह में 436 विद्यार्थियों को डिग्री दी गईं और 37 मेधावियों को 53 मेडल दिए गए। प्रतिष्ठित चांसलर गोल्ड मेडल सहित तीन गोल्ड मेडल बीए की छात्रा रंजना राव को दिए गए। वहीं एमए हिंदी के छात्र मोहम्मद अकरम ने सर्वाधिक छह मेडल हासिल किए। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि विश्वविद्यालय में ब्रेल प्रेस खोलने में वह आर्थिक मदद देंगे। दिव्यांगों के लिए स्कलिंरशिप के साथ-साथ हर शिक्षण संस्थान में इक्वल अर्पाच्युनिटी सेल स्थापित किया जा रहा है। वहीं सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से इन्हें हुनरमंद बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि समावेशी शिक्षा देने से बड़ा कोई काम नहीं है। इस विश्वविद्यालय में जिस तरह दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ सामान्य विद्यार्थियों को पढ़ाया जाता है, वह अनूठा है। सामान्य विद्यार्थी यहां पर संवेदनशीलता का पाठ पढ़ते हैं और अच्छा इंसान बनने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा जिंदगी जीने की हिम्मत देती है।