मुख्तार अब्बास नकवी ने ‘हुनर हाट’ के लोगो का लोकार्पण किया
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों (स्वतंत्र प्रभार) और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज ‘हुनर हाट’ के लोगो का लोकार्पण किया और इस अवसर पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस प्रदर्शनी का अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय की योजना “उस्ताद” (परंपरागत कला / शिल्प के विकास कौशल का उन्नयन और प्रशिक्षण) के तहत राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम (एनएमडीएफसी) द्वारा प्रगति मैदान के हॉल संख्या 14 में किया जा रहा है। इस लोगो का उपयोग भविष्य में भी प्रदर्शनियों की ब्रांडिंग के लिए किया जाएगा। मीडिया को जानकारी देते हुए, उन्होंने कहा कि ‘हुनर हाट’ में 26 राज्यों के 184 से अधिक दक्ष हुनरबाज अपनी परंपरागत कला और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। “हुनर हाट” 14 से 27 नवंबर तक लगने वाले भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला – 2016 में आयोजित की जा रही है। सभी दस्तकारों और कारीगरों को नि:शुल्क स्टाल प्रदान करने के अलावा मंत्रालय उनके परिवहन की व्यवस्था करेगा और दैनिक खर्चा प्रदान करेगा ताकि वे दिल्ली पहुंच सकें और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में अपनी कला / कौशल को प्रदर्शित कर सकें। नकवी ने कहा कि “हुनर हाट” (कौशल हाट) प्रदर्शनी का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदायों के कारीगरों को बढ़ावा देना और उनकी मदद करना है ताकि वे घरेलू तथा अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर सकें और उन्हें बेच सकें। “हुनर हाट” में 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आने वाले कारीगर एकत्र होंगे।