रेल मंत्री ने “ निवारण” पोर्टल शुरू किया
रेल भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने आज औपचारिक रूप से निवारण पोर्टल शुरू किया। ये पोर्टल सेवारत कर्मचारियों और पूर्व रेल कर्मचारियों की सेवा संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए एक ऑनलाइन प्रणाली है। इस अवसर पर राज्य रेल मंत्री मनोज सिन्हा, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एके मित्तल, रेलवे स्टॉफ बोर्ड के सदस्य प्रदीप कुमार, अन्य रेलवे बोर्ड के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद थे। रेलवे महासंघ और संघ के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। इस अवसर पर रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने कहा कि हम जनता की शिकायतों के निवारण के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। हमने पहले ही जनता की शिकायतों के निवारण के लिए पोर्टल शुरू किया था। यह एक वाह्य शिकायत निवारण पोर्टल है। ये पोर्टल रेलवे कर्मचारियों के काम की वजह से सफल है। आज हम रेलवे कर्मचारियों की शिकायत निवारण के लिए पोर्टल शुरू कर रहे हैं। ये नई पहल रेलवे कर्मचारियों व पूर्व रेल कर्मचारियों की आंतरिक शिकायत निवारण के लिए एक पोर्टल है और भविष्य में हम क्षेत्रीय भाषाओं में भी इस पोर्टल को शुरू करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि हम इस पोर्टल की मदद से प्रतिक्रिया एकत्र कर प्रणाली में सुधार करने की कोशिश करेंगे।