शर्म : सरकारी अस्पताल में मरीज को फर्श पर ही खाना परोसा
सरकारी हॉस्पिटल रांची इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (रिम्स) में झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल में मरीजों के साथ जानवरों जैसा सलूक किए जाने का मामला सामने आया है। एक लावारिस महिला मरीज पलमति देवी को किचन स्टाफ ने आर्थो वार्ड के कॉरिडोर में फर्श पर ही खाना परोस दिया। दरअसल, उसके पास बर्तन नहीं थे। लोगों के लिए खर्च होते हैं 300 करोड़ और ऐसा हाल है अस्पताल का , रिम्स के आर्थो वार्ड के गलियारे में भर्ती ये महिला मरीज फर्श पर दाल-चावल खाने को मजबूर है। जब महिला ने किचन स्टाफ से खाना मांगा तो पहले उसे फटकारा। फिर उससे फर्श साफ कराया और वहीं दाल-चावल और सब्जी परोस कर चले गए। दरअसल, गरीब महिला के पास खाना लेने के लिए और खाने के लिए कोई बर्तन नहीं था। ये इस गरीब महिला की मजबूरी नहीं है, रिम्स की लाचारी है। सवाल उठता है कि क्या हॉस्पिटल में ऐसे मरीजों को खाना परोसने के लिए बर्तन भी नहीं है? हर साल रिम्स पर योजना और गैर योजना मद में लगभग 300 करोड़ रुपए खर्च होते हैं।