शिवपाल यादव ने नई पार्टी बनाने का किया एलान, कहा मुलायम सिंह होंगे मुखिया
उत्तर प्रदेश असेंबली इलेक्शन के पहले समाजवादी पार्टी में चल रहा विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। अखिलेश से अलग मुलायम-शिवपाल ने नई पार्टी बनाने का एलान किया है। शुक्रवार को शिवपाल यादव ने कहा वे समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के नाम से नई पार्टी बनाने जा रहे हैं। इस पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह होंगे। जब शिवपाल से पूछा गया कि नेताजी ने नई पार्टी के लिए हां कर दी, तब उन्होंने कहा, ”क्या ये नेताजी की राय लिए बिना ही हो गया? उनकी मंजूरी ली गई।” शिवपाल ने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए सेक्युलर मोर्चा बनाएंगे। शिवपाल ने दाे दिन पहले इटावा में इस बात के संकेत दिए थे। उन्होंने बताया था, “मैंने अखिलेश से कहा था कि वह सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ दें। मुलायम सिंह पार्टी के नए चीफ होंगे, वरना हम सेक्युलर मोर्चा बना लेंगे।” इटावा में उन्होंने रामगोपाल यादव पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, ”लाखों-लाख लोगों के दुख-सुख में नेताजी भागीदार बने थे। मेहनत की, कुर्बानियां दीं, तब ये समाजवादी पार्टी बनी। लेकिन आज पार्टी के संविधान रचयिता को हमारी सलाह है कि उन शकुनि को अब गीता पढ़नी चाहिए।”