सोनम ने केजरीवाल पर बनी फिल्म का किया ‘प्रचार’
दिल्ली के ‘आप’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब फिल्मी दुनिया में भी जलवा बिखेर रहे हैं। विदित हो की केजरीवाल पर बनी फिल्म की स्क्रीनिंग इस बार के टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में हो रही है। यही नहीं अभिनेत्री सोनम कपूर ने ट्वीट करके इस फिल्म को देखने की सिफारिश भी की है। सोनम के शब्दों में यह एक शानदार फिल्म है, और लोगों को इसे देखना चाहिए।इस फिल्म में केजरीवाल का उदय दिखाया गया है। इस फिल्म का नाम है ‘ऐन इनसिग्निफिकंट मैन’, जिसे खुशबू रंका ने निर्देशित किया है। अगर आपको क्रिटिकली अक्लेम्ड फिल्म ‘शिप ऑफ थीसियस’ याद है, तो गौरतलब है कि खुशबू उस फिल्म की सह-लेखिका थीं। शिप ऑफ थीसियस फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार से भी नवाजा गया था। शिप ऑफ थीसियस के निर्देशक थे आनंद गांधी और गांधी ही केजरीवाल पर बनी इस फिल्म के प्रड्यूसर हैं।यही नही इस फिल्म में रियल फुटेजेज का इस्तेमाल किया गया है। खुशबू और विनय शुक्ला ने केजरीवाल और उनके सहयोगियों के रियल फुटेज निकाले हैं। यह फिल्म दर्शाती है कि कैसे लोगों का एक समूह राजनीतिक दल बनाता है और फिर सत्ता में आता है।