पाक सैनिकों द्वारा भारी गोलीबारी, एक महिला की मौत
जम्मू । जम्मू संभाग के विभिन्न हिस्सों में पाक सैनिकों द्वारा भारी गोलीबारी जारी है। मेंढर, हीरानगर और आरएसपुरा सेक्टर में जबरदस्त फायरिंग की जा रही है। इस दौरान पुंछ के मेंढर सेक्टर की नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी के कारण एक महिला की मौत हो गयी। हीरा नगर सेक्टर में तीन लोग घायल हो गये हैं। आरएसपुरा सेक्टर के अब्बदुलियां गांव के लोग सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गये हैं। मेंढर सेक्टर में पाक व भारतीय सैनिकों के बीच भारी गोलीबारी व मोर्टार दागने का सिलसिला जारी है। इस दौरान पाक सैनिक नियंत्रण रेखा के रिहायशी इलाकों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। इसी बीच एक महिला मोर्टार की चपेट में आने से घायल हो गयी। घायल महिला को तुरंत एसडीएच मेंढर ले जाया गया जहां पर उसकी मौत हो गयी। मृत महिला की पहचान इस्मबा बी पत्नी अब्दुल रहमान निवासी गोहलेद के रूप में हुई है। खबर लिखे जाने तक मेंढर के कई क्षेत्रों में पाक द्वारा भारी मात्रा में मोर्टार शैल दागने का सिलसिला जारी था। भारतीय जवान भी इस कार्यवाही का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। पाक रेंजर्स ने गोलीबारी का सिलसिला लगातार जारी रखते हुए शुक्रवार सुबह जम्मू संभाग के हीरानगर सेक्टर में भारी गोलीबारी कर तथा मोर्टार दागे। पाक रेंजर्स द्वारा मोर्टार फेंकने के कारण तीन लोग तथा कई मवेशी घायल हो गये हैं।