उत्तराखंड : इस बार 60 पार की तैयारी में सीएम धामी
देहरादून। 2022 का चुनावी रण जीतने को अभी से भाजपा सरकार और संगठन अभी से तैयारी में जुट गए हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अभी तक बनाए गए सभी दायित्वधारियों को लक्ष्य देते हुए उन्हें चार्ज करने का काम किया। भाजपा संगठन भी धामी सरकार के कामों को जन जन तक पहुंचाने में जुट गया है। सीएम धामी के नेतृत्व में भाजपा 2022 में पहले भी चमत्कार कर चुकी है। उत्तराखंड के इतिहास में कभी भी किसी पार्टी की सरकार रिपीट नहीं हुई है। जिस समय सीएम धामी ने उत्तराखंड की कमान संभाली थी, उस समय भाजपा को लेकर भी यही बात दोहराई जा रही थी कि इस बार कांग्रेस की सरकार तय है। भाजपा के कई दिग्गज नेता तो भाजपा के विधायकों की संख्या दहाई के अंक तक पहुंचने को भी चमत्कार मान कर चल रहे थे। नौकरशाही भी पूरी तरह कांग्रेस के रंग में रंगने को तैयार बैठी थी। इन हालात में कार्यकर्ताओं का मनोबल रसातल पर पहुंच गया था।
इन तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की दोबारा वापसी कराई। विधायकों की संख्या भी 47 तक पहुंचा कर प्रचंड बहुमत की सरकार सुनिश्चित की। इस बार भी सीएम धामी किसी भी तरह की चूक नहीं चाह रहे हैं। इस बार लक्ष्य 60 पार का है। इस लक्ष्य को हासिल करने को सीएम धामी ने सभी दायित्वधारियों को अभी से कमर की पेटी कस कर बांधने की नसीहत दे दी है। साफ कर दिया है कि अगले 22 महीने के लिए अभी से कमर कस ली जाए। इन 22 महीनों में जनता के बीच ऐसा माहौल करना है कि गुजरात, मध्य प्रदेश की तरह उत्तराखंड में भी विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जाए। जुलाई 2021 के बाद सीएम धामी के कमान संभालने के बाद जो माहौल बना है, उस माहौल को आगे बढ़ाना है। इसके लिए सरकार, संगठन की जबदरस्त जुगलबंदी से इस 60 पार के लक्ष्य को हासिल करने की तैयारी शुरू हो गई है।





















