नवजात को गरीब मां ने 2000 रुपये में बेचा
जहां एक तरफ हर कोई मां के लिए बच्चे से बढ़कर कुछ नहीं होता. लेकिन वही दूसरी तरफ ओडिशा में गरीबी के हाथों मजबूर एक मां को अपना नवजात शिशु महज़ 2000 रुपये में बेचना पड़ा. गीता मुर्मु ने रविवार को केंद्रपाड़ा जिले के भ्रामारादिया पटना इलाके में एक टेंट में इस बच्चे को जन्म दिया था. पति के छोड़े जाने के बाद गीता दिहाड़ी मजदूरी से गुजर बसर कर रही थी. नोटबंदी के बाद गीता को इलाके के दूसरे मजदूरों की तरह काम मिलने में दिक्कत हो रही थी, जबकि गर्भावस्था के दौरान उसका खर्च बढ़ गया था. अपनी 12 साल की बेटी और 5 साल के बेटे के भरण-पोषण के लिए उसके पास कोई दूसरा चारा नहीं था. लिहाजा गीता ने पड़ोसी ममता साहू से अपने बच्चे का सौदा 2 हजार रुपये में किया. गीता के मुताबिक खराब माली हालत के चलते वो इस बच्चे को पाल नहीं सकती थी और घर खर्च के अलावा दूसरे बच्चों की पढ़ाई के लिए उसे पैसों के सख्त दरकार थी. गीता का कहना है कि वर्तमान हालात में उसके लिए अकेले परिवार का जिम्मेदारी उठाना मुमकिन नहीं है. दूसरी ओर ममता साहू का परिवार अपने खानदान का नाम आगे बढ़ाने के लिए लड़के की तलाश में था.





















