‘आप’ सशक्त विकल्प के रूप में सामने आएगीः यादव
देहरादून। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी विवेक यादव ने कहा कि हरिद्वार में हुए पंचायत चुनावों के परिणामों से राष्ट्रीय दलों का असली चेहरा सामने आ गया है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदेश में आगामी 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में आप सशक्त विकल्प बन सकता है। राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि हरिद्वार में हुए पंचायत चुनाव में भाजपा व कांग्रेस का असली चेहरा जनता ने सामने दिखा दिया है। केन्द्र की मोदी सरकार को इससे सबक लेना चाहिए, केन्द्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण आज जनता पूर्ण रूप से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव पार्टी प्रदेश में अपने दम पर लडे़गी। पार्टी खनन एवं पलायन को मुख्य मुद्दा बनाकर चुनावी समर में कूदेगी। प्रदेश की कांग्रेस सरकार खनन को रोकने में कामयाब नहीं हो पाई है और लगातार अवैध खनन हो रहा है। लोकायुक्त एवं मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति पर सरकार कोई निर्णय नहीं ले पा रही है। यह पद पिछले काफी समय से रिक्त हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान अनूप नौटियाल, रणवीर चौधरी, ओमकार भाटिया भी मौजूद रहे।





















