दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में देहरादून में उठी आवाज: ‘सांख्य योग फाउंडेशन’ ने दिया समर्थन
Posted by Pehchanexpress Admin on Tuesday, July 21, 2026 · Leave a Comment

पुलिस बर्बरता की कड़े शब्दों में निंदा
देहरादून | बीते दिन नई दिल्ली में नीट परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए बर्बर पुलिस लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के खिलाफ आज देहरादून में छात्रों एवं नागरिक समाज द्वारा एक विशाल विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
देहरादून में आयोजित इस प्रदर्शन में दिल्ली की घटना का विरोध करने के साथ-साथ उत्तराखंड में लगातार हो रहे पेपर लीक, UKPSC तथा अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही भारी देरी तथा सालों से रुकी हुई नियुक्तियों के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया। युवाओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र लंबे समय से पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में पूरी तरह असफल साबित हुई है। इस जन-आंदोलन को सामाजिक संगठन ‘सांख्य योग फाउंडेशन’ ने अपना पूर्ण नैतिक एवं संगठनात्मक समर्थन व्यक्त किया है। संगठन ने दिल्ली में नीट अभ्यर्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला करार देते हुए इसकी तीखी भर्त्सना की है। संगठन ने सरकार और पुलिस प्रशासन से विशेष निवेदन किया है कि छात्रों की आवाज को दबाने या हिंसा का सहारा लेने के बजाय उनसे संवाद स्थापित कर उनकी मांगों का शांतिपूर्ण और न्यायसंगत समाधान निकाला जाए।