चिंताजनक : गुलदार की चहल-कदमी से दहशत
रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय से सटे खेड़धार और विकास भवन क्षेत्र में गुलदार की लगातार चहल-कदमी से लोगों में दहशत का माहौल है। गुलदार आबादी वाले क्षेत्रों में घूमने के साथ ही घरों के बेहद करीब तक पहुंच रहा है। उसकी गतिविधियां कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं। गुलदार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ समय से गुलदार लगातार क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। कभी वह आबादी के बीच तो कभी घरों के आसपास चहलकदमी करता नजर आ रहा है। इससे सुबह और शाम के समय लोगों को अकेले आवाजाही करने में डर लग रहा है। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
खेड़धार और विकास भवन क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी के बाद स्थानीय लोगों ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में गुलदार आबादी वाले क्षेत्र में घूमता हुआ कैद हुआ है। फुटेज सामने आने के बाद लोगों में भय का माहौल और गहरा गया है। गुलदार की तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर भी तेजी से साझा किया जा रहा है। मामले की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर गुलदार की गतिविधियों का जायजा लिया। विभाग की ओर से गुलदार की निगरानी के लिए आवश्यक उपकरण लगाए गए हैं। टीम लगातार क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है और गुलदार की गतिविधियों के आधार पर उसे पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र की सभासद विनीता देवी ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आबादी वाले क्षेत्र में गुलदार की लगातार मौजूदगी से लोगों में भय बना हुआ है। उन्होंने विभाग से प्रभावी कार्रवाई करते हुए गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र के लोगों को भय के माहौल से निजात दिलाने की मांग की।





















