चारो ओर जल प्रलय…..
रुद्रप्रयाग। जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब गौरीकुंड हाईवे पर मुनकटिया के पास अचानक भारी बोल्डर एक यात्री वाहन पर गिर पड़ा। यह वाहन सोनप्रयाग से गौरीकुंड की ओर जा रहा था। भूस्खलन ज़ोन में पहाड़ से गिरे इस बड़े पत्थर की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय वाहन में कुल 11 सवारियां मौजूद थीं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत सोनप्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे में घायल हुए लोगों में नवीन सिंह रावत (35 वर्ष), पुत्र जयेंद्र सिंह, निवासी सियालब, थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी, तथा ममता (29 वर्ष), पत्नी चौन सिंह पवार, निवासी सियालब, दोनों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। इसके अलावा प्रतिभा (25 वर्ष), पुत्री गिरवर सिंह, निवासी सियालब, घायल हुई हैं। वहीं इस दुर्घटना में रीता (30 वर्ष), पत्नी उदय सिंह, और चंद्र सिंह (50 वर्ष), पुत्र कलम सिंह, दोनों की मौत हो गई। मृतक और घायल सभी उत्तरकाशी जिले के सियालब गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। इस हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से भूस्खलन और बोल्डरों के गिरने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। पहाड़ी रास्तों पर हर दिन नए-नए खतरे पैदा हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों में दहशत का माहौल है।





















