देहरादून : मतदाता सूची में एक भी त्रुटि न रहे, डीएम ने अधिकारियों को चेताया
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम को पारदर्शी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान ने शनिवार को पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) को विधानसभा क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित कर मतदाता सूची का गहन सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से प्रत्येक मतदाता का सावधानीपूर्वक सत्यापन कराया जाए। मतदाता सूची में दर्ज डुप्लीकेट नामों को नियमानुसार पृथक करने के साथ ही नाम, पिता के नाम एवं अन्य विवरणों में पाई जाने वाली त्रुटियों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। इसके लिए संबंधित मतदाताओं से फार्म-8 प्राप्त कर संशोधन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनपद में 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 109 मतदाताओं तथा 50 ट्रांसजेंडर मतदाताओं का पुनः सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना तथा अपात्र एवं दोहराव वाले नामों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है।





















