देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली नगीश्वर मंदिर रिखोली तक विशेष साइकिल राइड
देहरादून। छठ पूजा के पावन अवसर पर आस्था, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं फिटनेस का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा सोमवार प्रातः एक विशेष साइकिल जागरूकता राइड का आयोजन किया गया। यह राइड प्रातः 5 बजे प्रेमनगर से प्रारंभ होकर पंडितवाड़ी, बल्लूपुर चौक, गढ़ी कैंट चौक, सप्लाई चौक, किमाड़ी होते हुए रिखोली गांव स्थित नगीश्वर मंदिर पहुंची। राइड का नेतृत्व क्लब के वरिष्ठ साइकिलिस्ट श्री तेजिंदर पाल सिंह एवं श्री रिक्की गोस्वामी ने किया।इस अवसर पर रिक्की गोस्वामी ने साइकिलिस्टों को छठ पूजा के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि छठ पूजा में भगवान सूर्य को संध्या के समय अस्ताचलगामी सूर्य तथा अगली सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह पर्व प्रकृति, सूर्य और जीवन के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छठी मैया के आशीर्वाद से ही हम सभी नियमित रूप से साइकिल चलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।वहीं, वरिष्ठ साइकिलिस्ट तेजिंदर पाल सिंह ने सभी साइकिलिस्टों को नियमित व्यायाम करने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब हवा और भोजन तक मिलावट एवं प्रदूषण से प्रभावित हो रहे हैं, ऐसे में अनुशासन, संतुलित जीवनशैली और नियमित व्यायाम ही स्वयं को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम हैं। साइकिलिंग स्वास्थ्य के लिए सबसे बेहतरीन व्यायामों में से एक है, जो शरीर को फिट रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष ने इस अवसर पर सभी वरिष्ठ साइकिलिस्टों एवं युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका नियमित साइकिलिंग के प्रति समर्पण सराहनीय है। क्लब का उद्देश्य केवल साइकिल चलाना नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, हरित और प्रदूषण मुक्त देहरादून का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं की संयुक्त भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देती है।
इस राइड में प्रणय पंत, चित्रांग, मोहम्मद हारिस, आदित्य रावत, आर्यन झा, वैभव रंजन, नमन, वेदांश, रिक्की गोस्वामी, तेजिंदर पाल सिंह, मनमिंदर सिंह, आरती, कार्तिकेय, शुभम सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।देहरादून साइक्लिंग क्लब भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक अवसरों पर इस प्रकार की जागरूकता राइड आयोजित कर शहरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और साइकिलिंग के प्रति प्रोत्साहित करता रहेगा।





















