विधिक जागरूकता रूपी कार्यशाला का आयोजन
Posted by Pehchanexpress Admin on Wednesday, March 25, 2026 · Leave a Comment

देहरादून /लखनऊ | लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय के प्रो बोनो क्लब द्वारा, मंगलवार, 24 मार्च 2026, विधिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रो बोनो क्लब के संकाय प्रभारी प्रो. (डॉ.) आलोक कुमार यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य लखनऊ विश्वविद्यालय, द्वितीय परिसर के अशैक्षणिक कर्मचारियों (नॉन टीचिंग स्टाफ) को न्याय विभाग, भारत सरकार की न्याय बंधु योजना एवं उपलब्ध निःशुल्क कानूनी संसाधनों के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें और आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो बोनो एसोसिएट, कोमल सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रो बोनो क्लब का परिचय देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को यह अवगत कराया कि यह पहल समाज के विभिन्न वर्गों तक विधिक जागरूकता पहुँचाने के उद्देश्य से की जा रही है।
इसके पश्चात नित्यानंद सिंह, प्रो बोनो एसोसिएट ने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के अंतर्गत मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त करने हेतु निर्धारित ‘पात्रता मानदंडों’ की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही, उन्होंने “न्याय बंधु” ऐप/पोर्टल के बारे में भी बताया। कार्यक्रम के अंत में आदित्य राज सोनी, छात्र संयोजक, प्रो बोनो क्लब द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की उपयोगिता पर बल दिया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।इस कार्यक्रम के माध्यम से अशैक्षणिक कर्मियों में विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने का एक सार्थक प्रयास किया गया। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना की तथा अपने अधिकारों के प्रति अधिक सजग रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान 20+ अशैक्षणिक कर्मचारी एवं प्रो बोनो क्लब के सदस्य विश्वेंद्र, अनुजा, हर्ष और नितिन मौजूद रहे।