शहरी पारिस्थितिकी पुनर्स्थापन की दिशा में युवाओं की पहल, जानिए खबर
Posted by Pehchanexpress Admin on Sunday, June 14, 2026 · Leave a Comment

सांख्य योग फाउंडेशन द्वारा हुआ आयोजन
देहरादून। रविवार, 14 जून को सांख्य योग फाउंडेशन द्वारा देहरादून की शहरी पारिस्थितिकी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे *Ecological Restoration Initiative* के अंतर्गत *बिंदाल हाइडल कॉलोनी स्थित यूपीसीएल सब-स्टेशन क्षेत्र* में एक सफाई अभियान आयोजित किया गया। *बिंदाल नदी तथा कैंट क्षेत्र* के समीप स्थित यह क्षेत्र प्लास्टिक एवं अन्य ठोस कचरे के प्रदूषण से प्रभावित है, जो स्थानीय पारिस्थितिकी के लिए एक गंभीर चुनौती बना हुआ है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने क्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे, निर्माण संबंधी मलबे, कांच के अपशिष्ट, घरेलू कचरे तथा अन्य ठोस अपशिष्ट को एकत्रित किया। स्वयंसेवकों ने मिलकर 100 किलोग्राम से अधिक कचरा हटाया। एकत्रित कचरे के निस्तारण में नगर निगम देहरादून का सहयोग प्राप्त हुआ।
सांख्य योग फाउंडेशन का मानना है कि शहरी पारिस्थितिकी का संरक्षण केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि जल स्रोतों, हरित क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों को प्रदूषण और कचरे से मुक्त रखना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी दृष्टि से यह अभियान आयोजित किया गया। फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल के अंतर्गत आने वाले समय में पारिस्थितिक पुनर्स्थापन, वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में डॉ. मुकुल शर्मा, अंकित सिंह, एबिगिल, गीता चौधरी, डॉ. ऊर्जा आहूजा, अनुराग आहूजा, अनीता नेगी, आरोही, अर्चना, मोनिशा, साहस, पियांगनी तथा किशन रावत सहित अन्य स्थानीय स्वयंसेवकों एवं नगर निगम के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।