पहचान : सौरभ व भूमिका एनएसएस साईं सृजन पुरस्कार से होंगे सम्मानित
Posted by Pehchanexpress Admin on Saturday, September 12, 2026 · Leave a Comment

डोईवाला। शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला के एनएसएस स्वयंसेवी सौरभ और कु. भूमिका को वर्ष 2026 के एनएसएस सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी साईं सृजन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों विद्यार्थियों का चयन एनएसएस गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान और सक्रिय सहभागिता के आधार पर किया गया है। पुरस्कार समारोह दो अक्टूबर को महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा।साईं सृजन पटल के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. के.एल. तलवाड़ ने बताया कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पिछले वर्ष से शुरू किया गया है। इसके तहत महाविद्यालय द्वारा चयनित दो सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवियों को प्रशस्तिपत्र, स्मृति-चिह्न, जूट बैग तथा 1100-1100 रुपये की नकद धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया जाता है। पुरस्कार की नकद धनराशि साईं सृजन पटल के सलाहकार मंडल की सदस्या एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. जानकी पंवार की ओर से प्रदान की जाएगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी.पी. भट्ट ने बताया कि एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिव कुमार लाल की संस्तुति के आधार पर सौरभ और कु. भूमिका का पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। सौरभ तृतीय सेमेस्टर तथा कु. भूमिका पंचम सेमेस्टर की विद्यार्थी हैं।
प्रो. तलवाड़ ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना 24 सितंबर 1969 को हुई थी। उन्होंने स्वयं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी के साथ-साथ जिला समन्वयक, उत्तरकाशी और राज्य स्तरीय पत्रिका ‘युवा संकल्प’ के संपादक के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाया है। एनएसएस के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें स्पर्श गंगा शिक्षाश्री पुरस्कार-2021 से भी सम्मानित किया जा चुका है। एनएसएस स्वयंसेवियों की ‘बी’ और ‘सी’ प्रमाणपत्र परीक्षा की तैयारी के लिए प्रो. तलवाड़ ने एक पुस्तक की रचना भी की है। यह पुस्तक विभिन्न महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को निशुल्क वितरित की गई है।साईं सृजन पुरस्कार के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रनिर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। सौरभ और भूमिका को मिलने वाला यह सम्मान महाविद्यालय के एनएसएस परिवार के लिए भी गौरव का विषय है।