उत्तराखंड में बने हैं त्राहिमाम्-त्राहिमाम् जैसे हालातः हरक सिंह
रुद्रप्रयाग। पेपर लीक मामले में यूकेएसएसएससी के अधिकारियों के साथ ही भाजपा के बड़े नेताओ की मिलीभगत है। पहले भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगा तो अब पेपर चोर का आरोप लग रहा है। बच्चे मोटी-मोटी फीस देकर कोचिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। सालों तक पढ़ने के बाद जब पेपर हो रहे हैं तो हाकम सिंह जैसे पेपल लीक माफिया बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। जिस प्रकार का हालात आज उत्तराखण्ड में बने हैं, उससे लगता है कि 2027 में भाजपा का सूपड़ा साफ होने जा रहा है। शिक्षक और छात्र सड़कों में आंदोलन कर रहे हैं तो माताएं-बहिनें सुरक्षित नहीं हैं। आपदा से पूरा प्रदेश त्रस्त है। जनता में त्राहिमाम-त्राहिमाम जैसे हालात बने हैं।नवरात्रि पर्व के पहले दिन प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रुद्रप्रयाग स्थित जीएमवीएन के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व काबीना मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ हरक सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में रुद्रप्रयाग जिले की स्थापना की। तहसीले बनाई। इसके अलावा जिले को सैनिक स्कूल की सौगात दी, लेकिन आज तक सैनिक स्कूल की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पाई है। क्षेत्रीय विधायक इस मुद्दे पर गंभीर नहीं हैं। उनका ध्यान सिर्फ कमाई में लगा है। चिरबटिया में कृषि महाविद्यालय के बुरे हाल हैं। जिले की जनता आपदा से जूझ रही है। जवाड़ी बाईपास रुद्रप्रयाग पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। छेनागाड़ आपदा में लापता हुए लोगों को नहीं खोजा गया है।





















