मिलावट : मिठाई की जाँच, जाँच में 15 फेल, जानिए खबर
देहरादून। त्योहारों के मद्देनजर आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आयुक्त विनय शंकर पांडेय के कड़े निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद देहरादून की ओर से लगातार निरीक्षण और जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय के निर्देशों के क्रम में विभागीय टीम ने आज रायपुर चैक, महाराणा प्रताप चैक सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से मिठाइयों सहित कुल 83 खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिनमें से 15 खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को इस संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण अभियान के दौरान विभिन्न स्वीट्स शॉप और खाद्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान कुल 83 खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी गई, जिनमें 15 खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग की ओर से संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अभियान का उद्देश्य केवल खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करना ही नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री तैयार करने, उसका उचित भंडारण करने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करना भी रहा।





















