तुलास इंटरनेशनल स्कूल ने ब्रिस्टल पब्लिक स्कूल को 2-1 से एवं इंडियन पब्लिक स्कूल ने द टोंस ब्रिज स्कूल को 3-1 से दी मात
Posted by Pehchanexpress Admin on Tuesday, September 1, 2026 · Leave a Comment

देहरादून। इंडियन पब्लिक स्कूल, राजावाला, देहरादून के फुटबॉल मैदान में आयोजित 8वीं श्री एस.पी. सिन्हा मेमोरियल फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 के तीसरे दिन सोमवार को खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन पब्लिक स्कूल, राजावाला द्वारा किया जा रहा है। स्कूल के हेड ऑफ स्पोर्ट्स श्री अरुण गुसाईं एवं स्पोर्ट्स इंचार्ज श्री प्रणय ने बताया कि प्रतियोगिता में देहरादून के प्रमुख स्कूलों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें दून ग्लोबल स्कूल, न्यू एरा एकेडमी, बलूनी पब्लिक स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल, सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, द टोंस ब्रिज स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल बीरपुर, केवी आईएमए, दून वैली इंटरनेशनल स्कूल, ब्रिस्टल पब्लिक स्कूल, तुलास इंटरनेशनल स्कूल तथा केवी ओएनजीसी शामिल हैं।
पहला लीग मुकाबला
दिन के पहले लीग मैच में तुलास इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रिस्टल पब्लिक स्कूल को 2-1 से पराजित किया। तुलास इंटरनेशनल स्कूल की ओर से तनुस ने 5वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि अनमोल ने 57वें मिनट में दूसरा गोल दागकर टीम की बढ़त मजबूत की। ब्रिस्टल पब्लिक स्कूल की ओर से अनुज ने 11वें मिनट में एकमात्र गोल किया। इसके बावजूद ब्रिस्टल की टीम मुकाबला अपने पक्ष में नहीं कर सकी और तुलास इंटरनेशनल स्कूल ने 2-1 से जीत दर्ज की।
दूसरा लीग मुकाबला
दिन के दूसरे लीग मैच में इंडियन पब्लिक स्कूल और द टोंस ब्रिज स्कूल के बीच मुकाबला हुआ। इंडियन पब्लिक स्कूल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-1 से शानदार जीत दर्ज की।
इंडियन पब्लिक स्कूल की ओर से साकिब ने 15वें मिनट, अंश ने 28वें मिनट और तेजस ने 38वें मिनट में गोल किए। द टोंस ब्रिज स्कूल की ओर से अक्षत भट्ट ने एकमात्र गोल किया। इंडियन पब्लिक स्कूल ने पूरे मैच में आक्रामक और संतुलित खेल दिखाते हुए मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया।
डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत तकनीकी निदेशक एवं मुख्य रेफरी
प्रतियोगिता के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन के लिए डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को टूर्नामेंट का टेक्निकल डायरेक्टर एवं चीफ रेफरी नियुक्त किया गया है। वहीं विमल सिंह रावत को मैच कमिश्नर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैचों का संचालन रेफरी रणबीर सिंह गुसाईं, वरुण चौहान, उत्कर्ष ज्ञानशुख, राहुल कैंतुरा एवं अमित कांत द्वारा किया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर रही सभी टीमें शानदार खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी रोमांचक फुटबॉल देखने को मिलने की उम्मीद है।