29 नवंबर को दौड़ेगी मसूरी, जानिए खबर
अल्ट्रा मैराथन में 1045 धावक लेंगे हिस्सा
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में 29 नवंबर को दूसरी बार आयोजित होने वाली मसूरी अल्ट्रा मैराथन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति ने 1045 प्रतिभागियों के पंजीकरण के बाद पंजीकरण प्रक्रिया बंद कर दी है। प्रतियोगिता में पांच, दस, 21, 42 और 50 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि मैराथन के मार्ग को अंतरराष्ट्रीय मैराथन संघ ने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने के बाद प्रमाणित कर दिया है। प्रदेश शासन, जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न विभाग आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।मसूरी में आयोजित बैठक में मैराथन समिति के संयोजक संदीप साहनी ने बताया कि प्रतियोगिता में मसूरी के करीब 200 धावक हिस्सा लेंगे, जबकि 800 से अधिक प्रतिभागी मुंबई, पुणे, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचेंगे। पिछले वर्ष सेना वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लद्दाख के प्रतिभागी भी इस बार मैराथन में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए संत निरंकारी मिशन के 25 से अधिक स्वयंसेवक और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 60 जवान सहयोग करेंगे। इसके अलावा पुलिस, मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मसूरी प्रेस क्लब, रोटरी क्लब, क्रॉसफिट, मसूरी खेल एवं सांस्कृतिक समिति, होटल एसोसिएशन, उप जिला चिकित्सालय, कम्युनिटी अस्पताल और मैक्स अस्पताल सहित विभिन्न संस्थाएं अपनी भूमिका निभाएंगी। साहनी ने बताया कि 28 नवंबर को प्रतिभागियों को दौड़ के लिए आवश्यक सामग्री की किट वितरित की जाएगी। इसी दिन उत्तराखंड के लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।





















