नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत
देहरादून। मंगलवार सुबह कोतवाली विकासनगर क्षेत्र में एक नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान इमरान पुत्र रमजान, निवासी शिवपुरी, डाकपत्थर के रूप में हुई है। मौके पर पहंुची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही के लिए भेज दिया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो केंद्र संचालक ने युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कही है, जबकि मृतक के परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए संचालक पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने केंद्र संचालक की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आदित्य तिवारी के अनुसार केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर सुरक्षित कर ली गई है और परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। इस घटना ने नशा मुक्ति केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।





















