महिला पत्रकार से अभद्र व्यवहार पर उठे सवाल
महिला पत्रकार से अभद्रता अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमलाः गणेश गोदियाल
देहरादून। श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले के दौरान महिला पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल के साथ पौड़ी पुलिस द्वारा कथित अभद्र व्यवहार किए जाने और मुख्यमंत्री के भाषण की कवरेज करने से रोके जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला करार देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। गोदियाल ने कहा कि गंगा असनोड़ा थपलियाल प्रदेश के वरिष्ठ दिवंगत पत्रकार पुरुषोत्तम असनोड़ा की बेटी हैं और पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा से जुड़ी हुई हैं। एक महिला पत्रकार को अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करने से रोकना और उनके साथ अभद्र व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह न केवल पत्रकार के सम्मान और अधिकारों का हनन है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मुख्यमंत्री के भाषण की कवरेज करने से किसी पत्रकार को रोकने की नौबत क्यों आई? क्या सरकार और उसके प्रतिनिधि पत्रकारों के सवालों से इतने असहज हैं कि अब उन्हें सवाल पूछने और समाचार संकलन करने से भी रोका जाने लगा है?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उनका दायित्व सत्ता की प्रशंसा करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं और सवालों को सरकार के सामने रखना है। सरकार को पत्रकारों के सवालों से बचने अथवा उन्हें दबाने के बजाय उनका जवाब देने का साहस दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह और भी दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस श्रीनगर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत करते हैं, वहां एक महिला पत्रकार को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।





















