दून पुलिस ने नेपाली गैंग का सदस्य किया गिरफ्तार, जानिए खबर
देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में नशीला पदार्थ खिलाने कर बीजेपी पार्षद अमिता सिंह के घर से जेवरात और कैश चोरी करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है। पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल दिल्ली के नेपाली मूल के गैंग के एक आरोपी को दबोचा है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 27,500 रुपए, दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की अर्टिगा कार बरामद की गई है। जबकि, फरार चार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, बीती 29 और 30 सितंबर की रात राज मार्केट, बल्लीवाला चैक निवासी महिपाल सिंह के घर में काम करने वाले नौकर भरत थापा ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोप है कि घर में रहने वाले लोगों बीजेपी पार्षद अमिता सिंह ओर उसके परिवार को खाने में नशीला पदार्थ मिलाने के बाद आरोपी ज्वेलरी और कैश लेकर फरार हो गए थे।
मामले में थाना बसंत विहार में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को वारदात में भरत थापा के साथ चार अन्य लोगों के शामिल होने और हरियाणा नंबर की कार इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने गैर प्रांतों में भी दबिश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दिनेश सुनार (उम्र 27 वर्ष) को घटना में इस्तेमाल कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बसंत विहार में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस की मानें तो आरोपी दिनेश मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है, जो दिल्ली में टैक्सी चलाता है। आरोप है कि टैक्सी चलाने की आड़ में वो नेपाली मूल के अपने साथियों के साथ मिलकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य पहले घरों में काम करने के बहाने रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी करते थे। दिनेश अपनी टैक्सी से आरोपियों को घटनास्थल तक पहुंचाने और वारदात के बाद वापस ले जाने का काम करता था।





















