संविधान दिवस के अवसर पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन
देहरादून /लखनऊ | संविधान दिवस के उपलक्ष्य में लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय द्वारा 26 नवम्बर 2026 को एक विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विधिक सहायता केंद्र एवं प्रो बोनो क्लब, विधि संकाय, लखनऊ विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “संवैधानिक मूल्य एवं बदलते भारत पर परिचर्चा” रहा, जिसके अंतर्गत भारतीय संविधान के मूलभूत आदर्शों, संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा समकालीन भारत में संविधान की प्रासंगिकता पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, माननीय सांसद, राज्यसभा उपस्थित रहे। उनके साथ लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी, विधि संकाय के प्रमुख एवं अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) आर. के. वर्मा, विधिक सहायता केंद्र के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अभिषेक कुमार तिवारी तथा प्रो बोनो क्लब के संकाय प्रभारी प्रो. (डॉ.) आलोक कुमार यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का आयोजन न्यायमूर्ति डॉ. ए. एस. आनंद मूट कोर्ट हॉल, लखनऊ विश्वविद्यालय
कार्यक्रम का शुभारंभ कृतिका सिंह, सदस्य, प्रो बोनो क्लब के स्वागत संबोधन एवं उनके गरिमामयी शब्दों के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा उन्हें दीप प्रज्वलन हेतु आमंत्रित किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित किया गया। तत्पश्चात विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति दी गई।
स्वागत एवं सम्मान समारोह के अंतर्गत कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल को सम्मानित किया गया। इसके पश्चात विधि संकाय के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) आर. के. वर्मा द्वारा कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी का अभिनंदन किया गया तथा प्रो. (डॉ.) आलोक कुमार यादव द्वारा आर. के. र्वमा , को सम्मानित किया गया। इसके उपरांत आर. के. र्वमा ने सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल का परिचय प्रस्तुत किया।अतिथि व्याख्यान के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा संविधान एवं समकालीन भारत से जुड़े चार महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए गए।
प्रथम वक्ता के रूप में शांतनु (सदस्य, प्रो बोनो क्लब) ने “संविधान दिवस – ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, महत्व एवं संवैधानिक मूल्यों की प्रासंगिकता” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व, संविधान सभा एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान तथा वर्तमान समय में संवैधानिक मूल्यों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।इसके पश्चात द्वितीय वक्ता के रूप में विभव वर्मा (सदस्य, विधिक सहायता केंद्र) ने “भारतीय संविधान की प्रस्तावना – लोकतांत्रिक भारत की आधारशिला” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने प्रस्तावना के महत्व तथा न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों की भारतीय लोकतंत्र में प्रासंगिकता को रेखांकित किया।तृतीय वक्ता के रूप में सुश्री रागिनी सिंह (सदस्य, विधिक सहायता केंद्र) ने “मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य – बदलते भारत में नागरिकों की भूमिका” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के महत्व तथा एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला।अंत में चतुर्थ वक्ता के रूप में सुश्री वैभवी (सदस्य, प्रो बोनो क्लब) ने “सामाजिक न्याय एवं समानता – बदलते भारत में संविधान की भूमिका एवं चुनौतियाँ” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने सामाजिक एवं आर्थिक न्याय, महिलाओं एवं वंचित वर्गों के अधिकारों तथा समावेशी विकास की संवैधानिक अवधारणा पर प्रकाश डाला।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, माननीय सांसद, राज्यसभा ने सभा को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायक एवं विचारोत्तेजक संबोधन में उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक महत्ता तथा शिक्षा के क्षेत्र में उसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी वक्ताओं द्वारा प्रस्तुत विचारों की सराहना की, उनके वक्तव्यों के महत्वपूर्ण बिंदुओं को रेखांकित किया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही, उन्होंने भारतीय संविधान के महत्व पर विशेष बल देते हुए इसे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, न्याय, समानता एवं नागरिकों के अधिकारों का आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि के संबोधन के पश्चात लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने मुख्य अतिथि, सभी गणमान्य अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ।






















