मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2026 का सफल समापन
मैच कमिश्नर एवं चीफ रेफरी डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के युवा कल्याण विभाग एवं खेल विभाग के तत्वावधान में हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित जिला खेल विभाग के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2026 की फुटबॉल प्रतियोगिता का 10 अक्टूबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रतियोगिता 5 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें उत्तराखंड के सभी 13 जिलों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 एवं अंडर-19 बालिका तथा बालक वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। राज्यभर से आए युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री रविंद्र भंडारी, युवा कल्याण विभाग के नोडल अधिकारी श्री मुकेश भट्ट तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत (पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, रेफरी एवं अंतरराष्ट्रीय कोच) तथा श्री दीपक कुमार को मैच कमिश्नर एवं चीफ रेफरी की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, रेफरी मनोज नेगी, वरुण चौहान, हिमांशु प्रजापति, उत्कर्ष ज्ञानसू एवं गोहार निशार ने विभिन्न मुकाबलों का संचालन किया।
विजेता टीमों का विवरण
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में निम्नलिखित टीमों ने विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया:
अंडर-14 बालिका वर्ग: नैनीताल
अंडर-14 बालक वर्ग: नैनीताल
अंडर-19 बालिका वर्ग: देहरादून
अंडर-19 बालक वर्ग: नैनीताल
प्रतियोगिता में विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाणपत्र तथा निर्धारित धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ के माध्यम से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतरीन मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में खेल के प्रति रुचि, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं के लिए भविष्य में बेहतर अवसर तैयार किए जा सकते हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा आगे चलकर उच्च स्तर पर प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करने की प्रेरणा मिलती है। डॉ. रावत ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए उत्तराखंड सरकार, युवा कल्याण विभाग, खेल विभाग, आयोजन से जुड़े अधिकारियों, रेफरी एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।





















