नवविवाहिता ने ससुरालियों पर लगाए मारपीट व दहेज उत्पीडन का आरोप
हल्द्वानी। शहर की एक नवविवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और बेरहमी से मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पति, सास, ससुर और दो ननदों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दी है। महिला ने मारपीट का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। मामला सामने आने के बाद एसएसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शादी के बाद हर लड़की अपने नए घर में खुशहाल जिंदगी की उम्मीद लेकर कदम रखती है, लेकिन हल्द्वानी में सामने आया यह मामला इन उम्मीदों पर सवाल खड़े कर रहा है। यहां एक नवविवाहिता ने अपने ही ससुराल में प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल में मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। पीड़िता ने हल्द्वानी कोतवाली में दी गई तहरीर में अपने पति, सास, ससुर और दो ननदों को आरोपी बनाया है।
महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग आए दिन उसे दहेजक लिए ताने मारते हैं। गाली-गलौज करते हैं और उसके साथ मारपीट करते हैं। लगातार मिल रही प्रताड़ना से परेशान होकर अब उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। इस मामले में पीड़िता ने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा है। जिसमें उसके सिर से खून बहता दिखाई दे रहा है। महिला ने इस वीडियो को अपने साथ हुई कथित मारपीट का साक्ष्य बताया है। वीडियो सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। घटना से जुड़े सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तत्काल सीओ हल्द्वानी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसएसपी का कहना है कि महिला अपराधों को लेकर नैनीताल पुलिस गंभीर है। किसी भी महिला के साथ उत्पीड़न या हिंसा की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।





















