कल से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान
देहरादून। स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने और स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से प्रदेश में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्वच्छता, जनभागीदारी और सफाई मित्रों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को निदेशक शहरी विकास विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में राज्य के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के सफल संचालन और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों और अधिक भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों का कायाकल्प, ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’, ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ तथा ‘स्वच्छता से समृद्धि’ जैसी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान में जनभागीदारी के साथ-साथ कचरे के बेहतर प्रबंधन और वेस्ट-टू-वेल्थ की अवधारणा को भी बढ़ावा दिया जाएगा। निदेशक शहरी विकास ने आमजन से 17 सितंबर को अपने घरों से स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और शाम को घर में एक दीप जलाएं। यह दीप स्वच्छ घर, स्वस्थ परिवार और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक होगा।





















